छत्तीसगढ़ में महिलाओं पर बढ़ते अपराध, सबसे ज्यादा रायपुर में, जानिए क्या कहते है आंकड़े…

रायपुर, 28 फ़रवरी 2025: छत्तीसगढ़ में अपराधों की दर लगातार बढ़ रही है, और इसका सबसे गंभीर असर महिलाओं पर हो रहा है। राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध, खासकर बलात्कार के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हाल ही में छत्तीसगढ़ विधानसभा में खरसिया विधायक उमेश पटेल द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में गृह मंत्री विजय शर्मा ने सदन में राज्य के अपराधों के आंकड़े प्रस्तुत किए, जो दिल दहला देने वाले हैं।
आंकड़ों के मुताबिक बढ़े अपराधों की दर:
गृह मंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी कि 2024 से 2025 के बीच छत्तीसगढ़ में हत्या के 1114, लूट के 458, अपहरण के 3644, चोरी के 7960, डकैती के 56 और बलात्कार के 3191 मामले दर्ज किए गए हैं। इन आंकड़ों में रायगढ़ जिला हत्या के मामलों में तीसरे स्थान पर, लूट में पांचवें, अपहरण में दसवें, चोरी में पांचवें, डकैती में पांचवें और बलात्कार के मामलों में छठे स्थान पर है।
राजधानी रायपुर इन अपराधों में सबसे आगे है। डकैती को छोड़कर रायपुर हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार के मामलों में प्रदेश की राजधानी बना हुआ है। यहां पिछले एक साल में हत्या के 93, लूट के 80, अपहरण के 515, चोरी के 1645, डकैती के 9 और बलात्कार के 268 मामले दर्ज किए गए हैं।
बलात्कार के बढ़ते मामले:
इन आंकड़ों में सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा बलात्कार के मामलों का है। एक साल के भीतर प्रदेश में 3191 बलात्कार के मामले दर्ज हुए हैं, जिसका मतलब है कि राज्य में प्रतिदिन 8 से 9 महिलाएं दुष्कर्म का शिकार हो रही हैं। यह दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ में हर 3 से 4 घंटे में एक महिला के साथ बलात्कार हो रहा है, जो महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।