आर्थिक नाकेबंदी फ्लॉप, कांग्रेस को जनता ने नकारा: डिप्टी सीएम अरुण साव

रायपुर, 22 जुलाई 2025 : छत्तीसगढ़ की राजनीति में गरमाई बहस के बीच भाजपा ने कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी पर करारा प्रहार किया है। राजधानी स्थित एकात्म परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी पूरी तरह फ्लॉप रही है। छत्तीसगढ़ की जनता ने इस आंदोलन को सिरे से खारिज कर दिया है।
डिप्टी सीएम साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के आरोपी के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने कहा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पर 1000 करोड़ रुपये की हेराफेरी का गंभीर आरोप है। वह कांग्रेस का पदाधिकारी नहीं है, इसके बावजूद पूरी पार्टी उसके समर्थन में उतर आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अन्य नेता जेल गए, तब कांग्रेस ने इस तरह का कोई प्रदर्शन क्यों नहीं किया?
साव ने कांग्रेस को बताया ‘भ्रष्टाचार का समर्थक’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में साव ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, आर्थिक अपराध करने वाले आज खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस हमेशा भ्रष्टाचार के पक्ष में खड़ी दिखाई देती है। इस पार्टी ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है, जिससे प्रदेश की छवि पूरे देश में धूमिल हुई है।
उन्होंने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा, अपराध खुद कर रहे हैं और सजा जनता को मिल रही है। कांग्रेस पार्टी के नेता अपनी वजूद की लड़ाई लड़ रहे हैं, जनता की नहीं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के “बेटे पर गर्व है” बयान को लेकर भी डिप्टी सीएम ने कटाक्ष किया। साव ने कहा, ईडी की प्रेस रिलीज में पूरा सच सामने आ गया है। ऐसे व्यक्ति पर गर्व जताना समझ से परे है। जनता अब सब समझ चुकी है और कांग्रेस का साथ नहीं दे रही है। भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ की जनता ने आईना दिखा दिया है।