मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पहला विदेश दौरा, छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए उद्यमियों को करेंगे आमंत्रित

रायपुर, 21 अगस्त 2025 : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने पहले विदेश दौरे पर आज देर शाम दिल्ली से रवाना होंगे। इस दौरे के दौरान वे जापान और साउथ कोरिया का प्रवास करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि जापान के ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो में वे हिस्सा लेंगे और प्रदेश की नई उद्योग नीति के तहत छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए अंतरराष्ट्रीय उद्यमियों को आमंत्रित करेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जापान में इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग और ऑटोमोबाइल्स जैसे क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य हो रहा है और छत्तीसगढ़ में भी इन क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। सरकार इन्हीं संभावनाओं को साकार करने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कौशल्या देवी साय और कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी विदेश दौरे पर रवाना हो रहे हैं। दिल्ली में वे कुछ वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं से मुलाकात भी कर सकते हैं। उनके साथ मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल भी दिल्ली पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री को रवाना करते समय मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।
बतौर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह पहला अंतरराष्ट्रीय दौरा है और इसे निवेश के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार की योजना है कि वर्ल्ड एक्सपो जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश की संभावनाओं को प्रस्तुत कर विदेशी निवेशकों को आकर्षित किया जाए।